लोक आलोक न्यूज का असर :- आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया का काला सच सामने आते ही प्रशासन हरकत में— श्रम अधीक्षक ने लिया संज्ञान, मजदूरी दर प्रदर्शित करना सभी औद्योगिक इकाइयों के लिए अनिवार्य


जमशेदपुर/आदित्यपुर:– आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरों के शोषण और मानवाधिकार उल्लंघन का जो बड़ा खुलासा बीते 10 दिसंबर को लोक आलोक न्यूज ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, उसी खबर पर अब श्रम विभाग हरकत में आ गया है। हमारी रिपोर्ट में उजागर किए गए तथ्य—लंबी शिफ्ट, बिना ओवरटाइम काम, सुरक्षा उपकरणों की कमी, PF–ESI में गड़बड़ी और वेंडर सिस्टम के नाम पर हो रहे खेल—पर संज्ञान लेते हुए श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने तत्काल सख्त निर्देश जारी किए हैं। श्रम अधीक्षक ने आदेश दिया है कि क्षेत्र की सभी औद्योगिक इकाइयाँ अपनी फैक्ट्री परिसरों में मजदूरी दर (Wage Rate) का प्रदर्शन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मजदूरी दर नहीं लगाने या मजदूरों को उनके अधिकारों की सही जानकारी नहीं देने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि मजदूरी दर मुख्य प्रवेश द्वार और नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट, पढ़ने योग्य और स्थायी रूप से प्रदर्शित होनी चाहिए, ताकि मजदूरों को वेतन, ओवरटाइम और सुरक्षा नियमों की पूरी जानकारी मिल सके। श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने कहा कि मजदूर किसी भी उद्योग की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों का हनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर तुरंत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। Lok Alok News की रिपोर्ट के बाद मजदूरों में उम्मीद जगी है कि अब हालात में सुधार होगा, लेकिन असल परीक्षा तब होगी जब कंपनियाँ इन आदेशों का ईमानदारी से पालन करेंगी—या फिर यह मामला भी कागजों में दबकर रह जाएगा।




