चांडिल में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा और कूड़ा डंपिंग, ग्रामीणों ने कार्रवाई की उठाई मांग


चांडिल : चांडिल में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और कूड़ा डंपिंग का गंभीर मामला सामने आया है। चांडिल प्रखंड के चिलगु गांव में करीब तीन एकड़ सरकारी भूमि पर कब्जा कर वहां जमशेदपुर से कचरा लाकर डंप किया जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस से जुड़ी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस सरकारी जमीन पर अवैध रूप से क्रशर प्लांट और लोहा/आयरन छन्नी से जुड़ा कारोबार भी संचालित किया जा रहा है। यह गतिविधियां न केवल पर्यावरण के लिए खतरनाक हैं, बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल रही हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों की चिंता है कि कूड़ा डंपिंग और औद्योगिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है।
ग्रामप्रधान कामदेव दास ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर गैरकानूनी और अनैतिक कार्य किए जा रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से अवैध कब्जा हटाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि प्रशासन की चुप्पी के कारण माफियाओं के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो यह मामला बड़े जन आंदोलन का रूप ले सकता है और ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।



