T20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद अर्शदीप सिंह पर ICC की कार्रवाई, मैच फीस का 15% जुर्माना


अहमदाबाद : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल पर गेंद फेंकने की घटना भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भारी पड़ गई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी मानते हुए उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई, जब अर्शदीप ने गेंद फील्ड करने के बाद उसे तेज़ी से मिचेल की ओर फेंका, जो उनके पैड पर जा लगी।

आईसीसी के अनुसार यह कार्रवाई खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए बने कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.9 के तहत की गई, जो किसी खिलाड़ी की ओर खतरनाक या अनुचित तरीके से गेंद या उपकरण फेंकने से संबंधित है। इस मामले में अर्शदीप के रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है, जो पिछले 24 महीनों में उनका पहला उल्लंघन माना गया।
मैच के बाद अर्शदीप सिंह ने प्रस्तावित सजा स्वीकार कर ली, इसलिए इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। इसी फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया और खिताब बचाने वाली पहली टीम भी बनी।



