पत्नी के मायके जाने से बौखलाया पति, जेसीबी लेकर ससुराल पहुंचा; गिरिडीह में पूरी चाहरदीवारी ध्वस्त कर फरार

0
Advertisements
Advertisements

गिरिडीह (झारखंड):– झारखंड के गिरिडीह जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के बार-बार मायके जाने से नाराज एक युवक ने गुस्से में आकर जेसीबी मशीन से अपने ही ससुराल की चाहरदीवारी गिरा दी। यह अनोखी और चौंकाने वाली घटना जमुआ थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक जेसीबी लेकर ससुराल पहुंचा और पहले धमकी दी कि वह पूरा मकान ध्वस्त कर देगा। देखते ही देखते उसने जेसीबी से ससुराल की चारदीवारी गिरा डाली। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी युवक जेसीबी समेत मौके से फरार हो गया।

इस पूरे मामले में पिंटू मंडल नामक युवक पर आरोप लगा है, जो घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित गादी-चुंगलो गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

वहीं, आरोपी की पत्नी उर्मिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसका पति रोज शराब पीकर घर आता है और उसके साथ मारपीट करता है। इसी कारण वह अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। उर्मिला का कहना है कि बीच-बीच में वह ससुराल भी जाती रही है, लेकिन घरेलू हिंसा के चलते वह वहां टिक नहीं पाई।

इधर, पिंटू मंडल के ससुर ने दावा किया है कि घटना की रात पिंटू अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ कई अन्य लोग भी मौजूद थे। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

घटना ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना दिया है, वहीं सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर कानून का खौफ इतना कमजोर कैसे हो गया कि कोई जेसीबी लेकर ससुराल पर हमला करने की हिम्मत कर सके।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed