जुहू बीच पर मिले अधजले शव के केस को मुंबई पुलिस ने कैसे सुलझाया


मुंबई:मुंबई के जुहू बीच पर समुद्र किनारे मिली एक सड़ी-गली लाश ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी थी. लेकिन इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में सबसे अहम सुराग बना मृतक की उंगली में पहनी हुई पत्थर जड़ी अंगूठी. उसी अंगूठी की मदद से शव की पहचान हुई और फिर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई. सांताक्रूज़ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 40 साल के कारपेंटर अशोक गौड़ की हत्या के आरोप में उसके ही दोस्त वाहीद अली मोहम्मद इसराइल शेख उर्फ मिट्टू (30) को गिरफ्तार किया है. वाहीद मालवणी इलाके में गारमेंट फैक्ट्री चलाता है.सोमवार सुबह जुहू कोलीवाड़ा लैंडिंग पॉइंट बीच पर एक लाश मिलने की खबर से हड़कंप मच गया. शव काफी हद तक सड़ चुका था. उंगली में मौजूद खास अंगूठी को देखकर अशोक की पत्नी ने उसकी पहचान की. यहीं से पुलिस की जांच ने रफ्तार पकड़ी.
जांच में सामने आया कि अशोक और वाहीद दोनों उत्तर प्रदेश के बरदह गांव के रहने वाले थे और सालों से एक-दूसरे को जानते थे. पुलिस के मुताबिक, वाहीद के अशोक की पत्नी के साथ कथित संबंध थे, जिसको लेकर दोनों के बीच पहले से तनाव चल रहा था.तटीय इलाकों के पुलिस थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतें खंगाली गईं, जिसमें मालवणी थाने में अशोक की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को बांद्रा स्थित मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 13 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और तो शामिल नहीं था.




