छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा,


छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें पाँच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए हैं. ये दुर्घटना यहां के सुकली गाँव में हुई, जहां एक SUV कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर की भीषण टक्कर हो गई. इस घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और आसपास भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला. एएसपी उमेश कश्यप ने कहा कि ये हादसा कैसे हुआ इसकी जाँच की जा रही है.नवागढ़ के रहने वाले करीब आठ लोग स्कार्पियो में सवार होकर पंतोरा गांव बारात में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात लौटते समय सुकली गांव के पास एनएच -49 पर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर जांजगीर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। टक्कर में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया।गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सेना के जवान भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक की कुछ ही दिनों पहले शादी हुई थी। सभी मृतक और घायल नवागढ़ के एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्थल निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। हादसे की गंभीरता और वाहन के हालात को देखते हुए तेज रफ्तार और लापरवाही को बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।




