चाकुलिया में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, नव-नियुक्त शिक्षकों का अभिनंदन समारोह आयोजित


चकुलिया: चकुलिया प्रखंड की बेन्द पंचायत भवन में झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ सह चाकुलिया इकाई की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान और नव-नियुक्त शिक्षकों के अभिनंदन को लेकर एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समीर कुमार मोहंती उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की रीढ़ होते हैं। सेवानिवृत्त शिक्षकों का योगदान अमूल्य है, जिन्होंने वर्षों तक शिक्षा के माध्यम से समाज को दिशा दी। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया, वहीं नवनियुक्त शिक्षकों का स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर शिक्षक समाज से जुड़ी मौजूदा समस्याओं, शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षक-हित और छात्र-हित से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
विधायक समीर कुमार मोहंती ने आश्वासन दिया कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षक हितों की रक्षा के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही समाज और राज्य का सर्वांगीण विकास संभव है।
समारोह में प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, बीस सूत्री अध्यक्ष साहेबराम मांडी, शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र नाथ महतो, सचिव जीतराय सोरेन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान को सम्मान देना और नव-नियुक्त शिक्षकों को प्रेरित करना रहा, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।



