युवाओं के लिए सुनहरा मौका, अब सरकारी संस्थान में शुरू होंगे AME और एयर होस्टेस कोर्स



रांची : झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में जल्द ही एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग (AME) और एयर होस्टेस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। AME कोर्स के संचालन के लिए दिल्ली की संस्था मेसर्स वेन्योर और एयर होस्टेस प्रशिक्षण के लिए भोपाल की एआईएसईसीटी लिमिटेड के साथ करार किया गया है। दोनों पाठ्यक्रमों की शुरुआत नवंबर में मुख्यमंत्री स्थापना दिवस के अवसर पर करने की तैयारी है। डीजीसीए की मंजूरी मिलने के बाद इनका संचालन शुरू होगा। झारखंड पूर्वी भारत का पहला राज्य होगा, जहां सरकारी स्तर पर ये दोनों कोर्स उपलब्ध होंगे।


AME का कोर्स तीन वर्ष का होगा, जिसमें 60 सीटें होंगी। वहीं एयर होस्टेस के छह माह और 12 माह के कोर्स में 60-60 सीटें उपलब्ध रहेंगी। AME कोर्स की कुल फीस 6 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसे तीन वार्षिक किस्तों में जमा किया जाएगा। छह माह के एयर होस्टेस कोर्स की फीस 1.05 लाख रुपये और 12 माह के डिप्लोमा की फीस 1.55 लाख रुपये रखी गई है, जिसमें ड्रेस, ग्रूमिंग किट और स्विमिंग प्रशिक्षण शामिल है। एयर होस्टेस कोर्स के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई तय की गई है। झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि यह पहल राज्य के युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी।


