श्रीनाथ ग्लोबल विलेज के मुख्य गेट पर कचरे का अंबार, लोगों ने उठाई सफाई की मांग

आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ ग्लोबल विलेज के मुख्य गेट के सामने गंदगी और कचरे का भारी अंबार जमा हो गया है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और बीमारियों की आशंका जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण संक्रमण और मौसमी बीमारियों का डर बना हुआ है, जिसका असर खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।


निवासियों के मुताबिक, खरकई ब्रिज से सरायकेला की ओर जाने वाले पूरे मार्ग में इतना अधिक कचरा कहीं और दिखाई नहीं देता, जितना श्रीनाथ ग्लोबल विलेज के मुख्य द्वार के पास जमा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से परेशानी लगातार बढ़ रही है।
लोगों ने मांग की है कि श्रीनाथ ग्लोबल विलेज के मुख्य गेट के पास जमा गंदगी और कचरे की जल्द से जल्द सफाई कराई जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेकर शीघ्र समाधान की मांग की है।


