देहरादून मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या, अपराध जगत का बड़ा नाम खत्म


जमशेदपुर : जमशेदपुर से जुड़े गैंगस्टर विक्रम शर्मा की देहरादून के एक मॉल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कुछ ही सेकेंड में हुई और हमलावर मौके से फरार हो गए।

बताया जाता है कि विक्रम शर्मा दुमका जेल में बंद गैंगस्टर अखिलेश सिंह का गुरु माना जाता था। उसकी हत्या के साथ ही अपराध जगत के एक बड़े नाम का अंत हो गया।
सूत्रों के अनुसार, हाल के वर्षों में उसके नेटवर्क के लोग रंगदारी वसूली में सक्रिय थे। पुलिस का मानना है कि उसने अपना प्रभाव कई क्षेत्रों में फैलाया हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, 19 अप्रैल 2017 को उसे देहरादून से गिरफ्तार कर हवाई मार्ग से रांची लाया गया था। इसके बाद बिष्टुपुर थाना से जेल भेजा गया। बाद में वह कई मामलों में बरी हो गया था।
रिहा होने के बाद उसने कारोबार का दायरा बढ़ाया। वह देहरादून के रेसकोर्स इलाके में रह रहा था और काशीपुर में स्टोन क्रशर का व्यवसाय संचालित करता था। इसके अलावा वह विक्रम उद्योग नामक कंपनी भी चलाता था।
उसके खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं, जिनमें हत्या के आरोप भी शामिल रहे। विभिन्न मामलों में उसका नाम सामने आता रहा, हालांकि कई मामलों में वह बाद में बरी हो गया।
सूत्रों का दावा है कि उसने बड़े स्तर पर कारोबार खड़ा किया था और कई शहरों में आर्थिक नेटवर्क बनाया था।
फिलहाल देहरादून पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।



