धर्म बदलने से लेकर टूटती शादियों तक… दर्द में रो पड़ीं राखी सावंत, मां भी रह गईं हैरान


नई दिल्ली : मनोरंजन जगत की चर्चित हस्ती राखी सावंत ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की है। एक शो में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उनके जीवन में काफी उतार-चढ़ाव आए हैं और दो शादियां टूटने के बाद उन्हें गहरा दुख झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोगों को भले ही उनकी सफलता दिखाई देती है, लेकिन निजी जिंदगी में उन्हें संघर्ष और निराशा का सामना करना पड़ा है। भावुक होकर उन्होंने यह भी कहा कि कई बार उन्हें लगा कि उन्हें शादी के नाम पर धोखा मिला और उनसे आर्थिक तथा मानसिक रूप से नुकसान हुआ।राखी ने बताया कि निकाह के समय उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार किया था और कठिन दौर में भी अपने ईमान से दूरी नहीं बनाई। उनका कहना है कि उन्होंने उमराह भी किया और मुश्किल समय में खुदा से दुआ करती रहीं। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आज वह दुबई में रह रही हैं और वहां बेहतर जीवन जी रही हैं, जिसे वह खुदा की मेहरबानी मानती हैं।

धर्म परिवर्तन को लेकर उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इस्लाम अपनाया तो उनकी मां को काफी झटका लगा था। राखी के मुताबिक वह नियमित नमाज पढ़ती हैं और रमजान के रोजे भी रखती हैं। उन्होंने कहा कि इंसान को यह अधिकार है कि वह कौन सा धर्म अपनाना चाहता है। राखी सावंत की पहली शादी बिजनेसमैन रितेश सिंह से हुई थी, जबकि बाद में उन्होंने आदिल खान दुर्रानी से निकाह किया था, लेकिन उनकी दोनों शादियां ज्यादा समय तक नहीं चल सकीं।



