बिरसानगर में टेंट हाउस के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग


बिरसानगर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के संडे मार्केट स्थित बेदी टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार सुबह करीब सात बजे भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे, टाटा मोटर्स व सरकारी दमकल वाहनों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग में गोदाम में रखा टेंट, कुर्सियां, साउंड सिस्टम, सजावटी सामग्री सहित अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जिससे संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आसपास के घर-दुकानें सुरक्षित बचा ली गईं। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।




