एनएच-33 पर भीषण हादसा: ट्रेलर की टक्कर से एक की मौत, महिला व दो बच्चे घायल


चौका: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर नौतनडीह (झाबरी) के पास शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक समेत एक महिला और दो बच्चे घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांची से टाटा की ओर तेज रफ्तार से जा रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने रांगामाटी से सवारी लेकर चांडिल गोलचक्कर की ओर जा रहे एक इलेक्ट्रिक टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क पर पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर टाटा-चौका की ओर फरार हो गया। दुर्घटना में टेंपो में सवार करीब 45 से 50 वर्षीय एक व्यक्ति के सिर पर ट्रेलर का चक्का चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टेंपो चालक, एक महिला और दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा युवा नेता आकाश महतो एवं युवा नेता नयन सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद चौका थाना के एएसआई भगवान गौड़, कंप्यूटर ऑपरेटर महादेव साहू तथा चौकीदार रंजीत तांती और सुधीर तांती घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया। वहीं, आकाश महतो और पुलिस प्रशासन के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए चावलीबासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।



