लियोनल मेसी के स्टेडियम से जाने के बाद फैंस हुए गुस्सा


कोलकाता: लियोनल मेसी की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर्स में होती है और वह 13 दिसंबर से शुरू होने वाले भारत दौरे के पहले चरण में कोलकाता पहुंच चुके हैं। जहां एयरपोर्ट पर फैंस उनके लिए पलकें बिछाए खड़े थे और शानदार अंदाज में उनका स्वागत किया गया। विश्व कप विजेता रोड्रिगो डी पॉल और मेसी के इंटर मियामी टीम के साथी लुइस सुआरेज भी उनके साथ भारत दौरे पर आए हैं। मेसी का सॉल्ट लेक स्टेडियम में शाहरुख खान, सौरव गांगुली और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मिलने का कार्यक्रम है।सॉल्ट लेक स्टेडियम में फैंस काफी तादाद में जमा हो गए। इसके बाद लियोनल मेसी वहां पहुंचे। उसके बाद पांच मिनट के अंदर ही वह वहां से चले गए। लेकिन बाद में फैंस गुस्सा हो गए और ग्राउंड में कुछ फेंकने लगे। शायद फैंस यह जानना चाहते थे कि मेसी जल्दी क्यों चले गए? इसके बाद ग्राउंड से ही अजीब अफरा तफरी देखने को मिली। मेसी का पिछला भारत दौरा आज भी फुटबॉल प्रेमियों के लिए यादगार है, जब कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में फीफा मैत्री मैच के दौरान अर्जेंटीना ने वेनेजुएला को 1-0 से हराया था। तब 85 हजार से ज्यादा दर्शकों ने स्टेडियम में उनकी मौजूदगी का जश्न मनाया था। हालांकि इस बार आठ बार बैलोन डी’ओर जीत चुके मेसी मैदान पर खेलते नजर नहीं आएंगे। यह टूर पूरी तरह प्रचार और व्यावसायिक कार्यक्रमों पर आधारित है।

जानकारी के मुताबिक, मेसी भारत में 72 घंटे से भी कम समय बिताएंगे और इस दौरान कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे। कोलकाता में सॉल्ट लेक स्टेडियम में 45 मिनट के विशेष कार्यक्रम के लिए करीब 78 हजार सीटें आरक्षित की गई हैं। वहीं मुंबई में वानखेड़े स्टेडियम में फैशन शो और नीलामी कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें लुई सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी शामिल होंगे।



