साकची बाजार में कर्मचारी से बेरहमी से मारपीट, वीडियो वायरल होते ही आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर : साकची बाजार में फल व्यवसायी के कर्मचारी माधव चातर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहम्मद फहीम ने बीच बाजार कर्मचारी के साथ लात-घूंसों से हमला किया। घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसके बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के समय मंडी में काफी लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीचबचाव नहीं किया। घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया और साकची थाना पुलिस को तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने मो. फहीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम मो. फहीम है, जो कदमा में फल दुकान लगाता था। उसे नशे की लत थी, लेकिन बाद में नशा छोड़कर अपना फल का कारोबार करने लगा। पिछले कुछ दिनों से उसने दोबारा नशा करना शुरू कर दिया और अपना ठेला लगाना बंद कर दिया। पहले उससे फल व्यवसायी सत्यनारायण से झगड़ा था। इसे लेकर वह शुक्रवार सुबह 7 बजे मंडी आया, जहां उसने इस घटना को अंजाम दिया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


