ग्राम-बांग्ला थीम पर सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल, 15 अक्टूबर को उद्घाटन और 16 को रक्तदान शिविर

जमशेदपुर : टेल्को स्थित सबुज कल्याण संघ में इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन ग्राम-बांग्ला थीम पर किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 अक्टूबर को टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छरिया पूजा का उद्घाटन करेंगे। इस बार पूजा पंडाल और मां दुर्गा की प्रतिमा को बंगाल के ग्रामीण जीवन, संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप सजाया गया है। आयोजन समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण परिवेश से परिचित कराना है।


दुर्गोत्सव के दौरान प्रतिदिन महिलाओं, बच्चों और पुरुषों के लिए विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम तथा खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा 16 अक्टूबर को संघ परिसर में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। समिति ने धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी कार्यक्रम में शामिल किया है।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे, स्वयंसेवकों की तैनाती और अग्निशमन के इंतजाम रहेंगे। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कपड़े के थैलों के उपयोग की व्यवस्था भी की गई है। सबुज कल्याण संघ की आयोजन समिति ने शहरवासियों से दुर्गोत्सव में शामिल होने की अपील की है।


