बीडीसी की बैठक में शराब के नशे में पहुंचे उपप्रमुख, हुए गिरफ्तार


रोहतास: प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरजीएफ भवन में मंगलवार को प्रखंड प्रमुख योगेश कुमार की अध्यक्षता तथा बीडीओ नौशाद आलम सिद्दीकी की उपस्थिति में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपप्रमुख संतोष कुमार शराब के नशे में बैठक में पहुंचे। और अधिकारियों की उपस्थिति दर्ज कराने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। प्रमुख एवं बीडीओ के समझाने के बावजूद वे शांत नहीं हुए और बिना चढ़ावा काम न होने समेत जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप लगाते रहे। करीब आधे घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद बीडीओ द्वारा थानाध्यक्ष को फोन कर उन्हें बैठक से बाहर कर गिरफ्तार कराया गया। जिसके बाद बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ी। बैठक में बीडीसी मुंशी प्रसाद ने नाली अवरुद्ध होने और सरकारी भूमि की मापी करवाने की मांग की, जिसपर सीओ ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। एक सदस्य द्वारा भी भूमि मापी का मुद्दा उठाया गया। पैक्स द्वारा धान अधिप्राप्ति को लेकर कई जनप्रतिनिधियों ने छोटे किसानों से खरीद सुनिश्चित करने एवं धान दर से जुड़े प्रश्न उठाए, जिस पर बीसीओ मनीष कुमार ने डीएम के निर्देशानुसार छोटे किसानों को प्राथमिकता देने की बात कही। मंगराव मुखिया वकील यादव ने तीन वर्षों से कबीर अंत्येष्टि योजना की राशि न मिलने तथा पंचायत के कई प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की लापरवाही की शिकायत की। धनांव मुखिया अफसाना खातून ने मनरेगा पीओ पर दलालों के साथ बिना सूचना पंचायत भ्रमण का आरोप लगाया। डिहरी मुखिया ने पंचायत सरकार भवन में वर्षों से विद्युत कनेक्शन लंबित होने की बात कही, जबकि इटिमहां मुखिया शशि कुमार ने भवन निर्माण का मुद्दा रखा। कई जनप्रतिनिधियों ने बिजली के झुके पोलों को ठीक कराने की मांग की तथा पीएचईडी जेई की कार्यशैली पर नाराज़गी जताई। किसान सम्मान निधि के नए आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी भी मांगी गई, जिस पर बीडीओ ने सभी विभागों को लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में बीईओ, एमओ, एलईओ, सीडीपीओ की अनुपस्थिति पर भी नाराज़गी व्यक्त की गई और बीडीओ ने उनसे स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात कही। बैठक खत्म होने के बाद भी उप प्रमुख द्वारा किया गया हंगामा चर्चा का विषय बना रहा। बैठक में मुखिया अनिता देवी, सुजीत कुमार उर्फ टिंकू सिंह, पंसस धर्मेंद्र कुमार, शिवजी यादव, नागेंद्र गुप्ता, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ॰ एनके आर्या, विद्युत जेई पंकज शर्मा, पीओ संतोष कुमार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी अनुज कुमार, बीसीओ राजा राम शर्मा, टीवीओ विष्णु शंकर, सिंचाई विभाग एसडीओ समेत सभी पंचायत सचिव एवं कर्मी उपस्थित रहे।




