धालभूमगढ़ एयरपोर्ट की मांग तेज: सिंहभूम चैंबर का शनिवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन


जमशेदपुर : धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को जल्द शुरू करने की मांग को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। यह एक दिवसीय शांतिपूर्ण आंदोलन शनिवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहर के व्यापारिक संगठनों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना लंबे समय से लंबित है, जबकि जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल हैं। एयरपोर्ट नहीं होने की वजह से उद्योग, व्यापार और पर्यटन की संभावनाओं पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि परियोजना से जुड़ी सभी प्रशासनिक और नियामकीय बाधाओं को जल्द दूर किया जाए और निर्माण कार्य तुरंत शुरू किया जाए। साथ ही परियोजना के लिए स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना भी सार्वजनिक करने की बात कही गई है।
सिंहभूम चैंबर का कहना है कि जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के लोगों की सीधी हवाई संपर्क की मांग कई वर्षों से लंबित है। एयरपोर्ट बनने से झारखंड के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
यह विरोध प्रदर्शन 7 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पोस्टल पार्क स्थित गोपाल मैदान के पास आयोजित किया जाएगा। चैंबर ने शहर के नागरिकों, उद्योग जगत और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर इस जनहित की मांग को मजबूत करें।



