बेरमो में कोल इंडिया का 52वां स्थापना दिवस मना, 69 कर्मचारियों को मिली पदोन्नति

बेरमो (बोकारो) : बेरमो कोयलांचल में रविवार को कोल इंडिया लिमिटेड का 52वां स्थापना दिवस सीसीएल और बीसीसीएल के क्षेत्रों में उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉरपोरेट गीत गाया गया और कामगारों के बीच मिठाइयां बांटी गईं। सीसीएल के ढोरी, बीएंडके और कथारा प्रक्षेत्र में समारोह आयोजित किए गए। ढोरी एरिया में कार्यक्रम का संचालन कार्मिक प्रबंधक अभिषेक सिन्हा ने किया। जीएम राजीव कुमार सिंह ने कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर समारोह की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देश के विकास और ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में कोल इंडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिक से अधिक कोयला उत्पादन और डिस्पैच पर जोर दिया, ताकि थर्मल पावर प्लांटों तक कोयला पहुंचाया जा सके।

बीएंडके प्रक्षेत्र में जीएम एसके झा ने कहा कि 1975 में 79 मिलियन टन उत्पादन से शुरू हुआ कोल इंडिया आज दुनिया की सबसे बड़ी कोयला खनन कंपनी बन चुका है। उनके अनुसार, कंपनी देश की 83 फीसद ऊर्जा जरूरतें पूरी कर रही है। स्थापना दिवस पर इस प्रक्षेत्र के 94 कर्मचारियों को लाभ मिला, जिनमें 69 को पदोन्नति दी गई और 25 अन्य कर्मचारियों का चयन किया गया। वहीं, करगली ओसीपी में कार्यरत माइनिंग सरदार खुर्शीद हुसैन को कोलकाता के न्यू टाउन स्थित कोल भवन ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह के सुबह के सत्र में व्यक्तिगत श्रेणी का प्रतिष्ठित आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्सपर्सन पुरस्कार प्रदान किया गया।
खासमहल कोनार परियोजना में पीओ सुमेधानंदन ने 60 कामगारों को पदोन्नति पत्र सौंपे। समारोहों में विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक प्रतिनिधि शामिल हुए। ढोरी समारोह में शैलेश प्रसाद, नलिन चंद, डीएस प्रसाद, माघवेन्द्र वत्स, तौकीर आलम, जवाहरलाल यादव, जयनाथ मेहता, विकास सिंह और महेन्द्र चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


