कदमा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई चित्रगुप्त पूजा


जमशेदपुर :

चित्रगुप्त पूजा समिति, कदमा की ओर से गुरुवार को चित्रांश भवन, कदमा में वार्षिक चित्रगुप्त महाराज की पूजा बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी कायस्थ बंधु-बहनों ने एक साथ मिलकर पूजा-अर्चना में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलम-दवात पूजन से हुई, जो कायस्थ समाज की प्रमुख परंपरा मानी जाती है।
पूजन के दौरान समाज के लोगों ने पूरे वर्ष की आय-व्यय का लेखा-जोखा चित्रगुप्त महाराज के समक्ष प्रस्तुत किया और अपने परिवार की खुशहाली, समृद्धि और ज्ञान की कामना की।
संध्या काल में माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में समिति के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। नृत्य, गीत और नाट्य प्रदर्शन से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर समिति के मुख्य संरक्षक चितरंजन वर्मा, अध्यक्ष अतुल चंद्रा सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठ सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी पदाधिकारियों और युवा सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूजा स्थल को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के आयोजन के साथ हुआ।
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पूजा में समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपरा को केंद्र में रखा गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में पूजा कार्यक्रम को और व्यापक स्वरूप देने की योजना बनाई जा रही है ताकि नई पीढ़ी अपने संस्कारों और विरासत से जुड़ी रह सके।



