छठ महापर्व पर रांची में 20 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान

रांची : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर इस बार शहर में 20 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की संभावना है। अनुमान के मुताबिक, रांची में 20 हजार से अधिक परिवार छठ का अनुष्ठान करेंगे। पूजा की तैयारी से लेकर प्रसाद बनाने और अर्घ्य देने तक प्रत्येक परिवार का औसत खर्च 10 हजार रुपये से अधिक होने का अनुमान है। इस दौरान फल, सब्जी, पूजा सामग्री, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी पर बड़ी राशि खर्च होगी।


शहर के 72 प्रमुख छठ घाटों के अलावा बड़ी संख्या में लोग घरों की छतों और मोहल्लों में कृत्रिम तालाब बनाकर भी अर्घ्य देते हैं। इसके कारण बाजारों में खरीदारी का दायरा बढ़ गया है। फल मंडियों, पूजा सामग्री की दुकानों, किराना बाजार और बर्तन दुकानों में ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। छठ के कारोबार से बड़े बाजारों के साथ फुटपाथी दुकानदारों, ठेला-खोमचा संचालकों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय कारीगरों को भी आमदनी होने की उम्मीद है।
एक परिवार के खर्च में फलों और पूजन सामग्री के अलावा प्रसाद बनाने की सामग्री भी शामिल है। एक पेटी सेब पर 550 रुपये, एक कांधी केले पर 400 रुपये, दो गागल पर 60 रुपये, दो नारियल पर 80 रुपये और दो अनानास पर 100 रुपये खर्च होते हैं। वहीं, प्रसाद के लिए 10 किलो गेहूं पर 500 रुपये, दो किलो घी पर 1400 रुपये, 10 लीटर दूध पर 550 रुपये, 10 किलो चीनी पर 700 रुपये और आठ किलो गुड़ पर 800 रुपये का खर्च बताया गया है। धूप, आम की लकड़ी और अन्य पूजन सामग्री पर करीब 2000 रुपये तथा आंवला, सुथनी, बेर सहित अन्य सामग्री पर करीब 1000 रुपये खर्च होते हैं। इसके अलावा कपड़े, बर्तन, सूप-दउरा और अन्य पूजा सामग्री की खरीदारी भी की जाती है।


