चौका: सड़क हादसे में मां की मौत, बेटी की हालत गंभीर, 13 दिनों में सात लोग गवां चुके है अपनी जान


चांडिल। चौका थाना क्षेत्र के एनएच 33 स्थित दुबराजपुर के पास हुई सड़क दुर्घटना में ईचागढ़ के पाटपुर निवासी आशा लता सिंह मुंडा (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। जानकारी के मुताबिक पाटपुर निवासी गुरचरण सिंह मुंडा अपनी बेटी जोबा सिंह मुंडा को परीक्षा दिलाने सिंहभूम कॉलेज चांडिल ले जा रहे थे। बाइक पर गुरचरण सिंह मुंडा के अलावा उनकी पत्नी आशा लता सिंह मुंडा, बेटी जोबा सिंह मुंडा और छह माह का नाती सवार थे। दुबराजपुर के पास बाइक में पेट्रोल भरने के लिए सड़क पार कर रहे थे, इसी दौरान सड़क पर जा रहे हैं एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार धक्का मार दिया। घटना में बाइक पर सवार आशा लता सिंह मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जोबा सिंह मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना में गुरु चरण सिंह मुंडा और छह माह का बच्चा सुरक्षित है। दुर्घटना में छह माह के बच्चा का खरोंच तक नहीं आया।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मामले की छानबीन की पहुंची और घायल जोबा को बेहतर ईलाज के लिए एमजीएम भेज दिया एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। आंकड़े के मुताबिक चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में इस वर्ष 2024 में अब तक विभिन्न सड़क दुर्घटना में 19 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं,पिछले 13 दिनों के भी विभिन्न सड़क हादसों में 7 लोग अपनी जान गंवा चुके है।


