झारखंड में मौसम का बदला मिजाज : आगामी तीन दिनों में भारी बारिश की संभावना…

0
Advertisements
Advertisements

झारखंड :झारखंड में मौसम ने करवट बदलने के संकेत दे दिए हैं। अगले तीन दिनों तक पूरे राज्य में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। राज्य के कई हिस्सों में 23 से 25 अगस्त के बीच खासकर संताल और कोल्हान क्षेत्रों में भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी चेतावनी दी है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

मौसम विभाग के अनुसार, बांग्लादेश के उत्तरी हिस्से में एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो चुका है, जिसके पास ही एक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। ये दोनों मौसमी प्रणालियाँ आपस में मिलकर अगले 48 घंटों में पश्चिम की ओर बढ़ेंगी, जिससे झारखंड समेत आसपास के क्षेत्रों में व्यापक बारिश की स्थिति बन सकती है।

यह निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम बंगाल से होते हुए झारखंड की ओर बढ़ेगा, जिससे राज्य के सभी हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है। मानसून की गतिविधियाँ वर्तमान में झारखंड में सामान्य बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है।

राज्य के कुछ प्रमुख जिलों में बारिश के आँकड़े इस प्रकार हैं: बोकारो के चास में सबसे अधिक 65.2 मिमी बारिश हुई है। गुमला में 64.4 मिमी, रांची में 40 मिमी, रामगढ़ में 27 मिमी, और खूंटी में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा, कई स्थानों पर हल्की बारिश की भी रिपोर्ट है।

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में इस मानसून सीजन में अब तक कुल 621.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य वर्षा 730.5 मिमी से 15 प्रतिशत कम है। हालांकि, रांची में मानसून की स्थिति बेहतर रही है, जहाँ एक जून से अब तक 783.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो कि इस अवधि के दौरान सामान्य 748 मिमी वर्षा से अधिक है।

रांची स्थित मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, “अगले तीन दिनों तक पूरे झारखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना है। बांग्लादेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह मौसम प्रणाली अगले दो दिनों में झारखंड से होकर गुजरेगी, जिससे राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।”

Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed