चाकुलिया: वोट देने 12 मई को आंध्र प्रदेश से घर आएंगे अमलागोड़ा के सबर मजदूर

0
Advertisements

चाकुलिया: लोकतंत्र के महापर्व में आगामी 25 मई को मतदान होगा। इसको लेकर मतदाता जागरूकता अभियान परवान पर है। विलुप्त होती आदिम जनजाति सबर के मतदाता भी मतदान को लेकर जागरूक हैं। चाकुलिया प्रखंड की लोधाशोली पंचायत के अमलागोड़ा गांव के सात सबर मजदूर मतदान करने के लिए आंध्र प्रदेश से 12 मई को अपने गांव आ जाएंगे। 25 मई को मतदान करने के कुछ दिन बाद वापस आंध्र प्रदेश चले जाएंगे।जानकारी हो कि इस गांव के करीब 14 सबर मजदूर रोजगार की तलाश में कुछ माह पूर्व मजदूरी करने के लिए आंध्र प्रदेश गए थे। वहां से करीब छह मजदूर अपने गांव आ चुके हैं। सात मजदूर शंभू सबर ,सोना सबर, मिथुन सबर, कृष्णा सबर, युगल सबर, विकाश सबर, अचिंत सबर फिलहाल आंध्र प्रदेश में हैं। वहां से लौटे युवा मजदूर मेथरा सबर ने बताया कि मतदान करने के लिए वह अपने छह साथियों के साथ आंध्र प्रदेश से अपने गांव लौट आया है। मेथरा सबर ने बताया कि सात मजदूर साथी वहीं हैं। 10 मई को उनके वेतन का भुगतान होगा। 11 मई को सभी मजदूर ट्रेन पकड़ेंगे और 12 मई को अपने गांव आ जाएंगे। उसने बताया कि यहां रोजगार का अभाव है। काम मिलने पर भी उचित मजदूरी नहीं मिलती है। इसलिए उन्हें कमाने के लिए अन्य राज्यों में पलायन करना पड़ता है। आंध्र प्रदेश में प्रतिदिन 400 रूपये की मजदूरी मिलती है। रहने और अन्य कई सुविधाएं भी मिलती हैं।

Advertisements
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed