कैंसर स्क्रीनिंग अब गाँव-गाँव: सरायकेला-खरसावां में ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ की ऐतिहासिक शुरुआत


आदित्यपुर:- विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में ग्रामीण समुदायों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की शुरुआत की गई, जब आरएसबी फाउंडेशन द्वारा ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ सेवा के अंतर्गत मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण इलाकों के लिए रवाना किया गया। यह अत्याधुनिक मोबाइल यूनिट दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक कैंसर की प्रारंभिक जांच की सुविधा पहुँचाएगी, जहाँ आज भी अस्पताल तक पहुँचना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
4 फरवरी 2026 को सरायकेला-खरसावां जिले स्थित आरएसबी ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड यूनिट-1 परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आरएसबी ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री एस. के. बेहरा तथा कंपनी की हेड-सीएसआर एवं आरएसबी फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती प्रियंका बेहरा ने संयुक्त रूप से इस मोबाइल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग एक वर्ष की गहन योजना और सतत प्रयासों के बाद इस विशेष वैन को औपचारिक रूप से आरएसबी यूनिट-वन (गम्हरिया) से ग्रामीण समुदायों की सेवा के लिए भेजा गया।
इस गौरवशाली अवसर पर आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन व समाजसेवी श्री एस. के. बेहेरा, कंपनी की डायरेक्टर व सीएसआर प्रमुख सुश्री प्रियंका बेहेरा, श्रीमती जया सिंह, श्री सचीकांत त्रिपाठी, एमटीएमएच के प्रशासनिक प्रमुख श्री अमिताभ चटर्जी, जमशेदपुर कैंसर सोसाइटी की वाइस चेयरपर्सन डॉ. सुजाता मित्रा, रोटरी क्लब के प्रेसिडेंट श्री अशोक झा सहित श्री अभिजीत मित्रा, श्री कमल अग्रवाल जैसे अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह मोबाइल यूनिट ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ पहल के अंतर्गत प्रोजेक्ट सम्भावी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर कैंसर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस पहल के माध्यम से न केवल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि प्रारंभिक जांच के ज़रिये समय रहते इलाज संभव हो सकेगा, जिससे असंख्य जिंदगियों को बचाया जा सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यदि कैंसर की पहचान शुरुआती चरण में हो जाए, तो इलाज की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। मोबाइल स्क्रीनिंग यूनिट उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाएगी, जिनके लिए आर्थिक, भौगोलिक या सामाजिक कारणों से अस्पताल पहुँचना कठिन होता है।
गौरतलब है कि आरएसबी फाउंडेशन “सेवा में विनम्रता” के मूल मंत्र के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर जांच और जागरूकता के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने की दिशा में यह पहल एक सार्थक और दूरगामी कदम मानी जा रही है।
साझा प्रयासों की मिसाल बनी यह पहल
यह परियोजना कॉरपोरेट जगत (RSB Foundation – CSR wing of RSB Transmissions (I) Ltd.), सामाजिक संस्थाओं (Rotary Club) और स्वास्थ्य संस्थानों (MTMH एवं टाटा स्टील फाउंडेशन) के बीच सफल समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। MTMH, आरएसबी फाउंडेशन, टाटा स्टील फाउंडेशन और रोटरी क्लब के सहयोग ने इस विज़न को ज़मीनी हकीकत में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।




