पटना में सभी 243 विधायकों के लिए बंगले तैयार


पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। कुछ ही दिनों में नई सरकार और मंत्रिमंडल पर भी फैसला हो जाएगा। इस बीच सभी 243 विधायकों के लिए पटना में बंगले तैयार हो गए हैं। इनमें से 62 बंगले पहले से बने हुए थे और अब 181 बंगले (डुपलेक्स) नए तैयार हुए हैं। पटना में दारोगा राय पथ पर पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर ये बंगले बनाए गए हैं, जोकि 4 BHK हैं। ग्राउंड फ्लोर पर एक गेस्ट रूम है, एक PA रूम है, एक ऑफिस रूम है, उसके साथ एक किचन भी है। फर्स्ट फ्लोर पर 3 रूम हैं। इसमें से एक मास्टर बेडरूम है। सबसे ऊपर गार्ड रूम की व्यवस्था की गई है। कुल 6 टॉयलेट हैं। सभी कमरे और डायनिंग हॉल में बेड, सोफा समेत सभी फर्नीचर भी दिए गए हैं। करीब 44 एकड़ में फैले इस परिसर में हर डुप्लेक्स लगभग 3700 वर्गफीट का है। परिसर में एमएलए हॉस्टल, कैंटीन, कम्युनिटी सेंटर सहित कई सार्वजनिक सुविधाएं भी बनाई गई हैं। हर बंगले (Bihar MLA Bungalow) के बाहर निर्वाचन क्षेत्र की संख्या और विधानसभा क्षेत्र का नाम अंकित कर दिया गया है, जिससे आवंटन प्रक्रिया सरल हो सके और विधायकों को अपने क्षेत्र के लोगों से संपर्क बनाने में आसानी हो। परिसर में आधुनिक सिवरेज ट्रीटमेंट सिस्टम लगाया गया है, जिसमें उपचारित पानी का उपयोग प्लांटेशन के लिए किया जाएगा।वर्षा जल संचयन की व्यवस्था और ऊर्जा बचत के लिए पूरे क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। परिसर की सड़कों के किनारों और ओपन स्पेस में चंपा, गुलमोहर और महोगनी के पौधे लगाए गए हैं, जिससे पूरा इलाका हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के साथ आकर्षक दिखता है।




