18 फरवरी से बजट सत्र, स्पीकर ने बुलाई सर्वदलीय बैठक; शांतिपूर्ण संचालन पर जोर


रांची : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू होगा। सत्र के सुचारु संचालन को लेकर मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सदन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाने पर चर्चा हुई। स्पीकर ने कहा कि सभी दलों के नेताओं और संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से सदन में पेश किए जाने वाले कार्यों और सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही लंबित प्रश्नों के समय पर जवाब देने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सदन में इन मुद्दों पर सार्थक बहस हो, इसके लिए सभी दलों से सहयोग की अपील की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, आजसू के प्रतिनिधि और कांग्रेस विधायक दल के नेता समेत विभिन्न दलों के सदस्य उपस्थित रहे।



