अंधेरे में खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर : गढ़ाबासा में सोमवार की देर रात करीब 11:30 बजे सड़क पर खड़े एक खराब ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को नाजुक हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोहे के सामान से लदे ट्रेलर (नंबर: एन एल04एए 0885) का एक टायर पंक्चर या खराब हो गया था। चालक ने वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित करने के बजाय बीच सड़क पर ही छोड़ दिया था।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस स्थान पर ट्रेलर खड़ा था, वहां स्ट्रीट लाइट का उजाला नहीं पहुंच रहा था और गहरा अंधेरा था। इसके बावजूद पार्किंग इंडिकेटर चालू नहीं था और पीछे कोई रेडियम कोन या रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाया गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर में बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों सवार उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे में दोनों युवकों के सिर, चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और निजी वाहन से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि शहर की मुख्य सड़कों पर खराब भारी वाहनों को बिना चेतावनी संकेत के छोड़ देने से इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।


