एटीएम स्लॉट में फेविक्विक डालकर ठगी करने वाला बिहार का युवक गिरफ्तार,


जमशेदपुर : चाईबासा पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर 1.54 लाख रुपये की अवैध निकासी करने वाले एक शातिर अपराधी को बिहार से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी प्रिंस कुमार, गया जिले के वजीरगंज का रहने वाला है।सदर एसडीपीओ बहामन टूटी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह गिरोह एटीएम मशीन के स्लॉट में फेविक्विक लगाकर कार्ड फंसा देता था। जब पीड़ित का कार्ड फंस जाता, तो आरोपी पेचकस से कार्ड निकाल लेते और फर्जी हेल्पलाइन नंबर का झांसा देकर ओटीपी हासिल कर लेते थे। 14 दिसंबर को मंझारी के मुकु बारी के साथ जैन मार्केट स्थित केनरा बैंक एटीएम में इसी तरह 1.54 लाख की ठगी हुई थी।पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा के सहयोग से सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने इस कांड में संलिप्त एक आरोपित प्रिंस कुमार को बिहार से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 26 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई। आरोपित की पहचान नवादा (बिहार) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में शिक्षक कॉलोनी वजीरगंज का रह रहा था।पुलिस ने आरोपी के पास से एक आसमानी रंग का सैमसंग गैलेक्सी ए 16 मोबाइल फोन और सिल्वर स्लेटी रंग का किलर कंपनी का एक्सएल साइज जैकेट बरामद किया है, जिसे एटीएम से निकाले गए पैसों से खरीदे जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में अवैध शराब के कारोबार के मामले में गोविंदपुर थाना, नवादा (बिहार) से जेल जा चुका है।गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि इस घटना में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।




