बिहार चुनाव: 2 नवंबर को पटना में पीएम मोदी का रोड शो, NDA की एकजुटता दिखाएंगे नीतीश कुमार


पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रफ्तार भी बढ़ती जा रही है. एनडीए के पक्ष में माहौल मजबूत करने के लिए पीएम मोदी लगातार जनसभाएं कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पक्ष में माहौल को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 नवंबर को राजधानी पटना में एक विशाल रोड शो करेंगे. पहले चरण के मतदान से ठीक पहले होने वाले इस रोड शो को भाजपा के ‘मास्टरस्ट्रोक’ के तौर पर देखा जा रहा है. इसका मकसद शहरी मतदाताओं को साधने के साथ-साथ पूरे प्रदेश में एक बड़ा राजनीतिक संदेश देना.पीएम की रैली को भव्य और सफल बनाने के लिए बीजेपी के बड़े नेताओं ने कमान संभाल ली है.बताया जा रहा है कि उनकी रोड शो की शुरुआत पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर गांधी मैदान पर खत्म हो सकती है. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह लगभग छह महीने बाद होगा जब पटना की सड़कें एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो की गवाह बनेंगी. इससे पहले उन्होंने इसी साल मई 2025 में पटना में एक भव्य रोड शो किया था. दो दिवसीय बिहार दौरे पर राजधानी पटना पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने पटना हवाईअड्डे के नवनिर्मित टर्मिनल का उद्घाटन और बिहटा एयरपोर्ट के निर्माण का शिलान्यास किया था. इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पटना में रोड शो किया और लोगों से मुलाकात की थी.चर्चा है कि प्रधानमंत्री का 2 नवंबर का रोड शो विशेष रूप से पटना की तीन प्रमुख विधानसभा सीटों को लक्षित करके डिजाइन किया गया है. सूत्रों के मुताबिक, यह रोड शो दीघा, बांकीपुर, और फुलवारीशरीफ विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा. इन तीनों सीटों पर पहले चरण के तहत 6 नवंबर को मतदान होना है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मतदान से ठीक 4 दिन पहले प्रधानमंत्री के इस रोड शो का सीधा असर इन तीन सीटों के मतदाताओं पर पड़ेगा. इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी उनके साथ शामिल होने की संभावना है. जिससे NDA की एकजुटता का एक बड़ा संदेश जाएगा. इस रोड शो के जरिए भाजपा न केवल इन शहरी सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है, बल्कि पूरे बिहार में अपने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना और महागठबंधन पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाना भी इसका एक बड़ा लक्ष्य है.पटना जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट पर हैं. ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग, ड्रोन सर्विलांस और एंटी-स्नाइपर टीम की तैनाती की तैयारी चल रही है। रोड शो के दौरान हजारों लोग जमा होने की संभावना है. बीजेपी का मानना है कि यह रोड शो एनडीए उम्मीदवारों के लिए माहौल बनाने में मदद करेगा और विपक्ष को चुनौती देगा.राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पटना से दिया गया संदेश पूरे राज्य में असर डाल सकता है और मतदाताओं में एनडीए के प्रति भरोसा बढ़ा सकता है.बता दें कि बिहार में इस बार पूरा चुनाव दो चरणों में हो रहा है. पहले फेज के लिए 6 नवंबर को वोटिंग होगी. जबकि दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी. वहीं, नतीजों का एलान 14 नवंबर को होगा.




