जमशेदपुर में बड़ी छापेमारी: अवैध शराब की खेप जब्त


जमशेदपुर : नगर परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस ने जुगसलाई के पास बागबेड़ा पश्चिमी झोपड़ी इलाके में छापेमारी की और अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की। छापेमारी स्थानीय व्यक्ति मुनमुन दास के घर में की गई, जहां से पुलिस ने 9 पेटियाँ और 1 बोरा अवैध विदेशी शराब जब्त किया। बरामद कुल शराब की मात्रा लगभग 80.28 लीटर बताई गई।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई चुनाव के दौरान शराब तस्करी और वितरण को रोकने के लिए की गई थी। विश्वसनीय सूचना मिलने पर आबकारी और पुलिस टीम ने पहले सादे कपड़ों में दो सदस्यों को निगरानी पर भेजा और फिर मुख्य दल ने छापेमारी की। छापा मारने पर घर के मुख्य दरवाज़े पर ताला बंद मिला और स्थानीय लोगों के सहयोग नहीं देने के कारण आरोपी मुनमुन दास छत के रास्ते से भाग निकला। बरामद शराब को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने कहा है कि आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) और 55 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे चुनाव के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।



