बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे पर बड़ा फैसला, बिहार सरकार अपने खर्च से बनाएगी सिक्स लेन ग्रीनफील्ड सड़क

भागलपुर : बिहार के बहुप्रतीक्षित बक्सर-भागलपुर सिक्स लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए बिहार सरकार अपने स्तर से खर्च वहन करने की तैयारी में है। करीब 350 किलोमीटर लंबे इस हाई-स्पीड कॉरिडोर से राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।


प्रस्तावित एक्सप्रेसवे बक्सर से शुरू होकर आरा, पटना, मोकामा, मुंगेर होते हुए भागलपुर तक पहुंचेगा। इसके बनने के बाद बक्सर से भागलपुर की यात्रा का समय लगभग 9 घंटे से घटकर करीब 4 घंटे होने की उम्मीद है। बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) ने इस परियोजना के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस परियोजना का उद्देश्य तेज और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। एक्सप्रेसवे बनने से व्यापार, उद्योग और माल परिवहन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। परियोजना के कुछ हिस्सों में मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्गों को विकसित करने और नए ग्रीनफील्ड हिस्सों को जोड़ने की योजना है।


