टाटा स्टील में बड़े बदलाव, एचआर अधिकारी समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के तबादले


जमशेदपुर: टाटा स्टील ने नए साल से पहले अपने शीर्ष अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में व्यापक बदलाव किए हैं। कंपनी संरचना को और मजबूत तथा प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के उद्देश्य से कई महत्त्वपूर्ण पदों पर बदलाब किए गए हैं।

इस फेरबदल के तहत चीफ एचआरबीपी (HRBP) जमशेदपुर, हुगली मेट कोक और गम्हरिया के पद पर कार्यरत मुकेश अग्रवाल को अब चीफ ऑर्गेनाइजेशन डिजाइन और ट्रांसफॉर्मेशन का कार्यभार संभालने का जिम्मा दिया गया है। वे अपने पद के साथ-साथ चीफ वेलनेस ऑफिसर के कर्तव्यों को भी निभाएंगे। उनकी रिपोर्टिंग कंपनी के चीफ पीपल ऑफिसर के साथ-साथ वीपी (सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्थिरता) को होगी।
1 फरवरी से लागू हो रहे अन्य बड़े बदलावों में यशवंत कुमार पांडेय को चीफ एचआरबीपी जमशेदपुर, हुगली मेट कोक व गम्हरिया बनाया गया है। वहीं अमिताभ चंद्र झा को चीफ एचआरबीपी टाटा स्टील कलिंगानगर में तैनात किया गया है और वे जाजपुर से अपना कार्य संभालेंगे। इसी प्रकार प्रशांत कुमार नंदा को टाटा स्टील मेरामंडली का चीफ एचआरबीपी बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त, हेड एचआरबीपी एफएएमडी सैदर्शन पाणिग्रही को हेड एचआरबीपी ऑपरेशन कलिंगानगर के रूप में तैनात किया गया है, जबकि अनिमेष सामंता को तीन वर्ष के लिए एनआईएनएल प्लांट भेजा गया है।
दूसरी ओर, चीफ कोल बेनेफिसिएशन बोनदादा वेंकट सुधीर कुमार 1 फरवरी से सेवानिवृत्त होंगे। उनकी जगह आशुतोष कुमार पांडेय हेड वाशरी रॉ मैटेरियल के रूप में 1 जनवरी से कार्यभार संभालेंगे और एक महीने बाद पूरी जिम्मेदारी लेंगे। इसी क्रम में शलिनी सुलक्षणा को हेड ऑर्गेनाइजेशन ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट का प्रभार दिया गया है।
ये बड़े प्रबंधन बदलाव कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीवी नरेंद्रन के दिशा-निर्देश में किए गए हैं। बदलाव का उद्देश्य संगठन के प्रभावी संचालन और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार करना बताया जा रहा है।



