ISIS से जुड़ा ऑनलाइन नेटवर्क चला रहा था BDS छात्र, ATS की कार्रवाई में गिरफ्तार


लखनऊ : उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने ISIS से जुड़े एक ऑनलाइन मॉड्यूल के मामले में 19 वर्षीय बीडीएस छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हारिश अली के रूप में हुई है, जो सहारनपुर जिले का रहने वाला है। उसे रविवार को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई भारत में सक्रिय ISIS से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क की जांच के दौरान की गई।

जांच में सामने आया कि सेकेंड ईयर का यह छात्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और एन्क्रिप्टेड ऐप्स जैसे सेशन व डिस्कॉर्ड के जरिए ISIS से जुड़े हैंडलरों और समर्थकों के संपर्क में था। खुफिया जानकारी के मुताबिक कुछ लोग ऑनलाइन समूह बनाकर ISIS की विचारधारा का प्रचार कर रहे थे और शरिया आधारित खिलाफत स्थापित करने के उद्देश्य से लोगों को संगठन से जोड़ने की कोशिश कर रहे थे।
ATS के अनुसार इन समूहों के माध्यम से कट्टरपंथी साहित्य, प्रचार सामग्री और संगठन से जुड़ी जानकारी साझा की जाती थी। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने फर्जी नाम और वीपीएन का इस्तेमाल कर कई ऑनलाइन ग्रुप बनाए थे और “अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन” नाम का एक अलग समूह भी चला रहा था। इस मामले में लखनऊ स्थित ATS थाने में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



