765 स्कूलों को प्लस टू बनाने की मंजूरी, शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव से बढ़ी उम्मीदें

रांची : झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। राज्य सरकार ने 765 सरकारी विद्यालयों को प्लस टू स्तर (कक्षा 11 और 12) तक अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद शिक्षा विभाग अब आगे की प्रक्रिया में जुट गया है।

जानकारी के अनुसार, इन स्कूलों का चयन उन संस्थानों से किया गया है जिनके पास कम से कम एक एकड़ भूमि उपलब्ध है। साथ ही उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है जहां प्लस टू स्तर के विद्यालयों की कमी है। चयनित स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है।
सरकार के इस कदम से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के छात्रों को अपने ही इलाके में उच्च माध्यमिक शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। इससे ड्रॉपआउट दर कम होने और शिक्षा के स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।


