जमशेदपुर : झारखंड आंगनबाड़ी कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त को 8 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा. प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने और उससे जुड़े सभी वैधानिक लाभ उपलब्ध कराने की मांग उठाई.
Advertisements

Advertisements

इसके अलावा सेविकाओं और सहायिकाओं ने सेवानिवृत्ति के समय कम से कम 5 लाख रुपये एकमुश्त भुगतान, सेवानिवृत्त सेविकाओं को 50 प्रतिशत मासिक पेंशन और आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की मांग की. संगठन ने आंगनबाड़ी कर्मियों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और स्थानीय बाजार दर के अनुसार पोषाहार राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग रखी.
धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. साथ ही उन्होंने हर महीने 400 रुपये मोबाइल रिचार्ज देने और एपीआरएस से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की. नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.