अमेरिका ने अब वेनेजुएला जा रहे रूसी तेल टैंकर को किया सीज


अमेरिका: अमेरिका ने एक रूसी टैंकर को अटलांटिक महासागर में जब्त कर लिया है. बताया जा रहा है कि अमेरिका ने ये कार्रवाई दो सप्ताह से अधिक समय तक जहाज का पीछा करने के बाद की है. इस टैंकर पर रूस का झंडा लगा हुआ था. यह कदम उन रिपोर्टों के बीच आई है जिनके मुताबिक कहा जा रहा था कि मॉस्को ने जहाज की सुरक्षा के लिए नौसैनिक बलों को तैनात करके इसे बचाने की कोशिश की थी. रूस के सरकारी मीडिया ‘आरटी’ (RT) ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने हेलीकॉप्टर के जरिए टैंकर पर उतरने और उस पर कब्जा करने का प्रयास किया है. जारी की गई तस्वीरों में एक हेलीकॉप्टर टैंकर के बिल्कुल ऊपर मंडराता हुआ दिखाई दे रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी तटरक्षक बल (US Coast Guard) पिछले दो हफ्तों से इस टैंकर का पीछा कर रहा है. खराब मौसम और तूफान के दौरान भी इसे पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन रूसी टैंकर ने अमेरिकी आदेशों को मानने से इनकार कर दिया.रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि यह टैंकर पहले ‘बेला-1’ के नाम से चल रहा था. पिछले महीने जब अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने इसे रोकने की कोशिश की, तो इसने सहयोग नहीं किया और बाद में अपना नाम बदलकर ‘मरीनेरा’ कर लिया और रूसी झंडा लगा लिया. अमेरिका का आरोप है कि यह जहाज वेनेजुएला पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा है और अमेरिकी समुद्री नाकाबंदी को चकमा देकर निकल गया था.यह ऑपरेशन इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि रूसी नौसेना के ठिकाने और युद्धपोत इस क्षेत्र के काफी करीब हैं. अमेरिकी अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि रूसी झंडे वाले कमर्शियल जहाज को जबरन जब्त करने से मॉस्को के साथ तनाव चरम पर पहुंच सकता है. यदि अमेरिका इसमें सफल होता है तो यह हाल के वर्षों में रूस के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी समुद्री कार्रवाई होगी.




