ट्रक में पीछे से भिड़ी ऑल्टो कार, 64 वर्षीय चालक गंभीर रूप से घायल; एमजीएम रेफर

घाटशिला : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के गजानन फेरो के समीप महतो होटल के पास बुधवार को एनएच पर सड़क दुर्घटना में ऑल्टो कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गये। जानकारी के अनुसार, कोलकाता से जमशेदपुर जा रही मारुति ऑल्टो 800 कार (संख्या WB 06N 7052) ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


हादसे में जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णनगर निवासी दीपेंद्र महापात्रो (64) गंभीर रूप से घायल हो गये। उनके चेहरे, सिर, हाथ और पैरों में चोटें आयीं। चेहरे के ऊपरी और निचले हिस्से में गहरे जख्म होने से काफी खून बह रहा था। सूचना मिलने पर धालभूमगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई की एंबुलेंस से उन्हें घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. रामचंद्र सोरेन ने उनका प्राथमिक उपचार किया और चेहरे पर करीब 15 टांके लगाये। इसके बाद सीटी स्कैन समेत जरूरी जांच और बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि दीपेंद्र महापात्रो कोलकाता से अपनी कार से जमशेदपुर स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान गजानन फेरो के पास उनकी कार ट्रक से टकरा गयी। दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।


