शहीद निर्मल महतो को आजसू की श्रद्धांजलि, सैकड़ों कार्यकर्ता और छात्र नेता पार्टी में शामिल, सुदेश महतो ने सरकार पर बोला हमला


जमशेदपुर:- बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस और कदमा उलियान समाधि स्थल पर शनिवार को आजसू पार्टी ने शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस और विधायक तिवारी महतो ने निर्मल महतो की शहादत को याद करते हुए राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सभा में सैकड़ों नए कार्यकर्ताओं ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की, जबकि कई पुराने कार्यकर्ता पार्टी में वापस लौट आए। इससे पहले सुदेश महतो ने चमरिया गेस्ट हाउस में निर्मल महतो के शहीद स्थल पर माल्यार्पण किया और उलियान स्थित समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सुदेश महतो ने कहा, “निर्मल महतो की हत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाना सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है। यह चर्चा का विषय है कि वह न कभी सांसद रहे, न विधायक, फिर भी उनका बलिदान आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। निर्मल दा ने आजसू के आंदोलन को उग्र तेवर दिए और उनके बलिदान ने हम सभी को लड़ने की प्रेरणा दी।” उन्होंने माईया योजना और पेंशन योजनाओं को लेकर भी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा, “वर्तमान सरकार ने युवाओं को रोजगार का वादा किया था, लेकिन दिया सिर्फ बेरोजगारी और निराशा। जनता बदलाव चाहती है।”
विधायक तिवारी महतो ने कहा, “राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, और पुलिस जनता की सुरक्षा के बजाय सत्ता की सेवा में लगी है।”

कार्यक्रम में लम्बोदर महतो, प्रवीण प्रभाकर, देवशरण भगत, हरेलाल महतो, हसन अंसारी, चन्द्रगुप्त सिंह, सागेन हांसदा, स्वप्न सिंहदेव, संजय मेहता, नजरुल हासमी, सिद्धार्थ महतो समेत कई नेता मंच पर मौजूद थे।
कार्यक्रम में झामुमो नेता मंटू शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने आजसू का दामन थामा। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री विकास महतो के नेतृत्व में दर्जनों छात्र नेता पार्टी से जुड़े। शशि लायक, दीपक दास, बिनोद परमानिक समेत कई पुराने कार्यकर्ता भी पार्टी में लौट आए।
इस आयोजन की सफलता में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, संजय मलाकार, कमलेश डूबे, अप्पू तिवारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।



