गुजरात में छात्र की हत्या के बाद, स्कूल का प्रबंधन सरकार अपने हाथ में लिया,


गुजरात: गुजरात सरकार ने अहमदाबाद के खोखरा इलाके में स्थित एक निजी स्कूल का प्रबंधन अपने हाथ में ले लिया है। यह फैसला उस घटना के करीब चार महीने बाद लिया गया है, जिसमें कक्षा 10 के एक छात्र की कथित तौर पर दूसरे छात्र द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद स्कूल के बाहर अभिभावकों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया था। माता-पिता का आरोप था कि स्कूल प्रशासन ने पक्षपात किया और घायल छात्र को कई घंटों तक समय पर मदद नहीं दी गई, जिससे उसकी जान चली गई।मामले में राज्य के शिक्षा विभाग ने सोमवार को जारी एक अधिसूचना में बताया कि सेवन्थ डे एडवेंटिस्ट स्कूल के खिलाफ कई गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। जांच में सामने आया कि स्कूल ने शिक्षा से जुड़े कई कानूनों का बार-बार उल्लंघन किया, जिनमें शिक्षा का अधिकार (आरटीई) कानून, शिक्षा बोर्डों के नियम और राज्य के अन्य नियम शामिल हैं।छात्र की मौत के बाद शिक्षा विभाग ने अहमदाबाद जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूल की विस्तृत जांच के आदेश दिए थे। जांच में स्कूल के प्रबंधन, इमारत, बोर्ड से मान्यता और संचालन से जुड़े कई गड़बड़ियां पाई गईं। यह स्कूल कक्षा एक से 12 तक आईसीएसई बोर्ड से जुड़ा हुआ है और कक्षा 11-12 का विज्ञान वर्ग गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संचालित करता है।जांच में पाया गया कि स्कूल ने विज्ञान स्ट्रीम की अनुमति लेते समय यह छुपाया कि उसी परिसर में आईसीएसई बोर्ड का स्कूल भी चल रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। वहीं बिना अनुमति के नई कक्षाएं और डिवीजन शुरू कर दिए गए। स्कूल को कौन-सा ट्रस्ट चला रहा है, इसे लेकर साफ जानकारी नहीं थी। नियमों के अनुसार स्कूल केवल एक गैर-लाभकारी संस्था द्वारा चलाया जाना चाहिए। स्कूल परिसर और प्रशासन में किए गए बदलावों की अनुमति नहीं ली गई और जरूरी दस्तावेज भी जमा नहीं किए गए। इसके साथ ही निरीक्षण में यह भी सामने आया कि स्कूल बिना अनुमति के दो शिफ्ट में चल रहा था। न तो पर्याप्त स्टाफ था और न ही अलग-अलग रिकॉर्ड रखे गए थे, जो नियमों का उल्लंघन है।रिपोर्ट में इस बात पर भी जोर दिया कि स्कूल जिस जमीन पर बना है, वह अहमदाबाद नगर निगम ने शिक्षा के उद्देश्य से एक संस्था को लीज पर दी थी, लेकिन स्कूल किसी दूसरी ट्रस्ट द्वारा चलाया जा रहा था। यह लीज की शर्तों का उल्लंघन है। इसके अलावा, बिल्डिंग प्लान में सिर्फ एक ब्लॉक की अनुमति थी, जबकि मौके पर कई ब्लॉक चल रहे थे।




