अदाणी ग्रुप का बड़ा ऐलान, अगले 5 साल के अंदर कच्छ में होगा 1.5 लाख करोड़ का निवेश


गुजरात : अदाणी ग्रुप अब गुजरात के कच्छ क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखने जा रहा है. अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अदाणी ने वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (VGRC) को संबोधित करते हुए एक बड़ा ऐलान किया. उन्होंने बताया कि ग्रुप अगले पांच सालों के अंदर कच्छ में 1.5 लाख करोड़ रुपये का बड़ा निवेश करेगा.अडानी ग्रुप के लिए मुंद्रा सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनकी ‘कर्मभूमि’ है. आज मुंद्रा भारत का सबसे बड़ा कमर्शियल पोर्ट तो है ही, साथ ही यह एक ऐसा गेटवे बन चुका है जहां से देश का व्यापार दुनिया भर में फैलता है. अगले 10 सालों में इस पोर्ट की क्षमता को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है.

इतना ही नहीं, मुंद्रा अब कॉपर स्मेल्टर प्लांट, कोल-टू-पीवीसी और सोलर मैन्युफैक्चरिंग जैसे बड़े उद्योगों का भी गढ़ बन चुका है. यानी आने वाले समय में मुंद्रा से न सिर्फ माल ढुलाई बढ़ेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.पर्यावरण और विकास को साथ लेकर चलने की मिसाल देते हुए अडानी ग्रुप खावड़ा में दुनिया का सबसे बड़ा ‘रिन्यूएबल एनर्जी पार्क’ विकसित कर रहा है. इसकी क्षमता 37 गीगावाट होगी. लक्ष्य यह है कि साल 2030 तक इस पूरे प्रोजेक्ट को चालू कर दिया जाए. यह प्रोजेक्ट दुनिया को भारत का वह चेहरा दिखाएगा जो आर्थिक तरक्की के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी भी बखूबी समझता है.
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए यह बात उभर कर आई कि कैसे पिछले कुछ सालों में भारत की सोच बदली है. अब हम सिर्फ छोटी-मोटी परियोजनाओं के बारे में नहीं सोचते, बल्कि एक ‘सिविलाइजेशनल मिशन’ (सभ्यतागत मिशन) के साथ आगे बढ़ रहे हैं.



