स्पेन में भीषण रेल हादसा; दो ट्रेनों की जोरदार टक्कर,


स्पेन: स्पेन में भीषण रेल हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई और 75 घायल हैं। कोर्डोबा के पास एडमुज गांव के नजदीक यह दुर्घटना हुई। मलागा से मैड्रिड जा रही निजी कंपनी इर्यो की हाई-स्पीड ट्रेन का पिछला हिस्सा अचानक पटरी से उतर गया। इसके बाद यह दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन से टकरा गई। हादसा रविवार शाम 7:45 बजे हुआ, जिसमें पहली ट्रेन में लगभग 300 और दूसरी में 200 यात्री सवार थे। स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंटे ने मौतों की संख्या 21 बताई। उन्होंने कहा कि सभी जीवित बचे लोगों को निकाल लिया गया है, हालांकि कुछ और शव बाकी हो सकते हैं।इस हादसे के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच हाई-स्पीड रेल सेवाओं को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है. हालांकि मैड्रिड से टोलेडो, सियुदाद रियल और पुएर्तोलानो के बीच चलने वाली व्यावसायिक रेल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रखी गई हैं. Iryo ट्रेन सेवा एक निजी हाई-स्पीड रेल ऑपरेटर है, जिसका संचालन इटली की कंपनी की तरफ से किया जाता है. अंडालूसिया की आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद सभी रेल यातायात को रोक दिया गया और राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. मौके पर कई एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें भेजी गईं थी. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, हालांकि अभी तक घायलों की सटीक संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है.स्पेन के राजा फेलिपे छठे और महारानी लेटिज़िया ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है. शाही महल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि एडामुज़ के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच हुए इस गंभीर हादसे की खबर से पूरा देश स्तब्ध है. यह हादसा ऐसे समय में हुआ है, हाल ही में थाईलैंड में भी एक बड़ी रेल दुर्घटना हुई थी, जिसमें एक क्रेन गिरने से ट्रेन डिरेल हो गई थी और कई लोगों की जान चली गई थी.




