आदित्यपुर रेलवे यार्ड में बड़ा हादसा टला, बिना इंजन के दौड़ी मालगाड़ी, दीवार तोड़कर दूसरी ट्रेन से टकराई


Saraikela :आदित्यपुर रेलवे यार्ड में बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया है. जानकारी के अनुसार शर्मा बस्ती की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी और रेलवे यार्ड की दीवार तोड़ते हुए दूसरी खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए.
हादसे के समय यार्ड में कई मजदूर काम कर रहे थे. टक्कर की आवाज सुनते ही यार्ड में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि सभी मजदूर समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के समय मालगाड़ी बिना इंजन के लाइन पर दौड़ रही थी. आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या ब्रेक फेल होने के कारण यह घटना हुई.
* रेलवे अधिकारियों ने शुरू की जांच-
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई. क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का कार्य जारी है और लाइन को जल्द बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. रेलवे प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं. प्रारंभिक जांच में लापरवाही या तकनीकी खराबी की दिशा में जांच की जा रही है.




