महुआडांड़ में 21 मई को लगेगा रक्तदान शिविर, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील


महुआडांड़: महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ में आगामी 21 मई 2026 को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों को पत्र जारी कर सहयोग की अपील की गई है।जारी पत्र में बताया गया है कि उपायुक्त लातेहार के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रमुख, उपप्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, पंचायत प्रतिनिधि, मीडिया कर्मियों सहित विभिन्न विभागों से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया गया है।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं जागरूक नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई है, ताकि महुआडांड़ से अधिक संख्या में रक्त संग्रह किया जा सके।



