शहीद दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन, कुणाल षाड़ंगी ने 87वीं बार किया रक्तदान


Jharkhand : आज शहीद दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, शिवराम राजगुरु एवं सुखदेव थापर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शहर में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने 87वीं बार रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
यह शिविर जमशेदपुर ब्लड वॉरियर्स के सहयोग से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, सोनारी एवं सिख नौजवान सभा, सोनारी के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
शिविर में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार बलबीर सिंह एवं महासचिव सरदार गुरदयाल सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
अपने वक्तव्य में कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि युवाओं को बढ़-चढ़कर रक्तदान करना चाहिए और विशेष रूप से जब हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हैं, हमें मानव सेवा के कार्यों में आगे आना चाहिए।
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहीदों की स्मृति को सम्मान देना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।



