टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन में 5587 धावकों ने लिया हिस्सा, 21 किमी दौड़ में आर्मी जवान सुनील प्रथम

जमशेदपुर : जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन-2026 का आयोजन किया गया। इस वर्ष मैराथन की चार अलग-अलग श्रेणियों में रिकॉर्ड 5587 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। सुबह से ही खेल परिसर में धावकों और फिटनेस प्रेमियों की भीड़ जुटी रही। प्रतियोगिता में पेशेवर धावकों के साथ विद्यार्थी, फिटनेस के शौकीन और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।


21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में पुणे के आर्मी जवान सुनील ने पहला स्थान हासिल किया। पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो दूसरे और प्रशांत चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। इस बार 5 किलोमीटर की दौड़ प्रतिभागियों के बीच सबसे लोकप्रिय रही, जिसमें 2163 लोगों ने पंजीकरण कराया। यह कुल पंजीकरण का करीब 39 प्रतिशत था। वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ के लिए 1483, दो किलोमीटर फन रन के लिए 1474 और 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के लिए 467 धावकों ने पंजीकरण कराया। चारों श्रेणियों में कुल 5587 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।


