झारखंड में 22 नवंबर को होगा प्रांतीय महिला महासम्मेलन, स्वामी रामदेव जी महाराज एवं डॉ साध्वी देवप्रिया जी होंगे मुख्य अतिथी

जमशेदपुर : महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम, झारखंड के तत्वावधान में आगामी 22 नवंबर 2026 (रविवार) को प्रातः 9 बजे से एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान, एग्रिको, जमशेदपुर में भव्य प्रांतीय महिला महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस महासम्मेलन में योगऋषि परम पूज्य श्रद्धेय स्वामी रामदेव जी महाराज एवं पतंजलि विश्वविद्यालय, हरिद्वार की प्राच्य संकाय अध्यक्ष परम श्रद्धेया डॉ साध्वी देवप्रिया जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।

इस प्रांतीय महिला महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को योग, आयुर्वेद, स्वदेशी, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सशक्त, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रोत्साहित करना है।
आज के बदलते सामाजिक परिवेश में महिलाओं की जिम्मेदारियां और चुनौतियां निरंतर बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग एवं आयुर्वेद के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है। महिला पतंजलि योग समिति का प्रयास है कि योग को जन-जन तक पहुंचाते हुए महिलाओं को स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, सकारात्मकता एवं सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए।\
इस महासम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों से महिला पतंजलि योग समिति की पदाधिकारी, योग शिक्षिकाएं, योग साधिकाएं एवं 10 हजार से ज्यादा बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता होने जा रही है । स्वामी रामदेव जी महाराज एवं साध्वी देवप्रिया जी का मार्गदर्शन निश्चित रूप से झारखंड की मातृशक्ति के लिए प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक सिद्ध होगा।
महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम, झारखंड की ओर से प्रदेश की समस्त मातृशक्ति, सामाजिक संगठनों, योग प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से इस महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। 
आज के इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को सफल बनाने में महिला पतंजलि राज्य प्रभारी श्रीमती सुधा झा, पतंजलि चिकित्सालय जमशेदपुर के डॉ मनीष डूडीया, पतंजलि पूर्व जिला प्रभारी कृष्ण कुमार, महिला पतंजलि पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी गौरी कर, महामंत्री ललिता शर्मा, राज्य शोशल मीडिया प्रभारी पूजा पाण्डेय, संवाद प्रभारी प्रेमलता प्रसाद, मीडिया प्रभारी ईराक्षी शामल, संगठन मंत्री उर्मिला शशि, यज्ञ प्रभारी शांति तिवारी, शिविर प्रभारी संगीता शर्मा, संरक्षिका विनीता सिंह एवं अन्य बहनों के सहयोग से संपन्न हुआ l


