श्री गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर 22 से 24 नवंबर तक होंगे तीन दिवसीय आयोजन

मेदिनीनगर : सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के नेतृत्व में 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 22 नवंबर को शाम 4 बजे से 6 बजे तक पुलिस लाइन स्टेडियम में विश्व प्रसिद्ध खालसा गतका संगठन के कलाकार गतका और मार्शल आर्ट का प्रदर्शन करेंगे।


गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सतवीर सिंह राजा ने शुक्रवार को सहयोगियों के साथ प्रेसवार्ता में बताया कि 23 नवंबर को सुबह 11 बजे गुरुद्वारा से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की उपस्थिति में पंच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन और शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शाम 7 बजे गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी। 24 नवंबर को सुबह 11 बजे श्री गुरु तेग बहादुर मेमोरियल में मुख्य दीवान सजेगा। इसमें प्रसिद्ध रागी जत्थे और ज्ञानी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे तथा गुरु साहिब के जीवन और संदेशों पर प्रकाश डालेंगे। दोपहर 2:30 बजे से गुरु का अटूट लंगर वितरित होगा। रात 8 बजे से मध्यरात्रि तक गुरुद्वारे में रात्रि दीवान और आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। सतवीर सिंह राजा ने पलामूवासियों से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की। प्रेसवार्ता में सोनू सिंह नामधारी, गुरवीर सिंह गोलू, राजिंदर सिंह बंटी, त्रिलोचन सिंह, ज्ञानी सुंदर सिंह और हरप्रीत सिंह ठकराल सहित सिख समाज के लोग उपस्थित थे।


