50% अनुदान पर किसानों को मिल रहे गेहूं के बीज, चना भी जल्द होगा उपलब्ध

कसमार : झारखंड सरकार के कृषि विभाग की ओर से कसमार स्थित नारायण कृषि केंद्र में पंजीकृत किसानों के बीच 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं के बीज का वितरण शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी अंचल कुमार ने इसका उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि कसमार और जरीडीह प्रखंड के पंजीकृत किसानों को अधिकृत विक्रेता तेलमुंगा स्थित नारायण कृषि केंद्र के संचालक सूरज प्रकाश जायसवाल की दुकान से बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस बार राष्ट्रीय बीज निगम और हिल इंडिया कंपनी के बीज वितरित किए जा रहे हैं।

कृषि विभाग की ओर से गेहूं और सरसों के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर दिए जा रहे हैं। गेहूं के बीज की कीमत 21 रुपये 25 पैसे प्रति किलोग्राम निर्धारित है। एक बोरे में 40 किलोग्राम बीज उपलब्ध है, जिसकी कीमत 850 रुपये है। अंचल कुमार ने बताया कि जल्द ही नारायण कृषि केंद्र में चना के बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें किसान अनुदानित दर पर खरीद सकेंगे। मौके पर किसान नेता शकुर अंसारी, किसान गुहीराम महतो, सुधीर महतो, सुमित्रा देवी, राजेश ठाकुर, सपना कुमारी समेत अन्य किसान मौजूद थे।


