लोयोला स्कूल के पास नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू, दोपहर 1 से 2 बजे तक सड़क बंद

जमशेदपुर : लोयोला स्कूल के पास छुट्टी के समय लगने वाले जाम को नियंत्रित करने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 18 नवंबर से नई यातायात व्यवस्था लागू की गई है। स्कूल प्रबंधन ने टीएसयूआइएसएल और जिला प्रशासन के साथ विचार-विमर्श कर नया ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है। इसके तहत दोपहर एक से दो बजे तक यातायात प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।


स्कूल प्रबंधन की ओर से 14 नवंबर को अभिभावकों के लिए जारी सूचना में बताया गया है कि निर्धारित समय के दौरान बेल्डीह गोल्फ कोर्स और बेल्डीह क्लब के बीच की सड़क बंद रहेगी। इस अवधि में इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन नहीं हो सकेगा। अभिभावकों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए स्कूल की ओर से जारी नक्शे में वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी दी गई है।
प्रबंधन ने अभिभावकों से सड़क पर डबल पार्किंग नहीं करने और सुबह स्कूल पहुंचने तथा छुट्टी के समय अनावश्यक हॉर्न नहीं बजाने की अपील की है। बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने वाले वाहन चालकों को भी नई व्यवस्था की जानकारी देने का आग्रह किया गया है। प्रबंधन के अनुसार, अभिभावकों के सहयोग से यातायात सुचारू रखने के साथ बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।


